Tuesday, March 3, 2026
होमउत्तर प्रदेशदेश में पहली बार एक ट्रैक पर दौड़ेंगी नमो भारत और मेरठ...

देश में पहली बार एक ट्रैक पर दौड़ेंगी नमो भारत और मेरठ मेट्रो, पीएम मोदी जल्द करेंगे उद्घाटन

यह देश का पहला ऐसा प्रयोग होगा, जहां एक ही ट्रैक पर सेमी हाई-स्पीड ट्रेन और मेट्रो दौड़ेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इस अनोखे प्रोजेक्ट का उद्घाटन कर सकते हैं। इससे दिल्ली से मेरठ का सफर सिर्फ 50 मिनट में पूरा हो पाएगा।

-

दिल्ली-एनसीआर- मेरठ को जोड़ने वाला नमो भारत रेल और मेरठ मेट्रो प्रोजेक्ट अपने अंतिम चरण में है। यह देश का पहला ऐसा प्रयोग होगा, जहां एक ही ट्रैक पर सेमी हाई-स्पीड ट्रेन और मेट्रो दौड़ेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इस अनोखे प्रोजेक्ट का उद्घाटन कर सकते हैं। इससे दिल्ली से मेरठ का सफर सिर्फ 50 मिनट में पूरा हो पाएगा।

एक ही ट्रैक पर नमो भारत और मेट्रो

82 किलोमीटर लंबे सराय काले खां- मेरठ कॉरिडोर में 55 किलोमीटर हिस्से पर नमो भारत पहले से चल रही है। अब मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर के ट्रैक पर मेरठ मेट्रो भी शुरू होने जा रही है। इस मेट्रो नेटवर्क में कुल 13 स्टेशन होंगे, जिनमें मेरठ साउथ, परतापुर, शताब्दी नगर, मेरठ सेंट्रल और मोदीपुरम जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। वहीं, मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम पर यात्रियों को नमो भारत और मेट्रो दोनों की सेवाएं मिलेंगी।

यह प्रोजेक्ट मार्च 2019 में शुरू हुआ था और लगभग 30,274 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ है। इसकी शुरुआत से लाखों यात्रियों को बेहतर और तेज यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, प्रदूषण और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याएं भी काफी हद तक कम होंगी।

खास डिजाइन और आधुनिक सुविधाएं

मेरठ मेट्रो की डिजाइन बेहद खास है। दिल्ली मेट्रो की तुलना में इनकी ट्रेनें छोटी हैं, क्योंकि इनमें तीन कोच होंगे। हालांकि, इनकी ऑपरेशनल स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटा और डिजाइन स्पीड 135 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जो दिल्ली मेट्रो से कहीं अधिक है। इन ट्रेनों को भारत में एयरोडायनामिक तकनीक से तैयार किया गया है, जिससे हवा का प्रतिरोध कम होता है।

यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों में गद्देदार सीटें, लगेज रैक, यूएसबी चार्जिंग पॉइंट और वाई-फाई जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं, दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर और स्ट्रेचर की सुविधा मौजूद होगी। खास बात यह है कि महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए आरक्षित सीटें और एक अलग महिला कोच भी रखा गया है।

स्टेशन भी आधुनिक अंदाज में बनाए गए हैं। आनंद विहार मेट्रो स्टेशन दिल्ली मेट्रो की ब्लू और पिंक लाइन से जुड़ा है। यहां 90 मीटर लंबा फुटओवर ब्रिज और 500 गाड़ियों की पार्किंग सुविधा मिलेगी। वहीं, बेगमपुल का भूमिगत स्टेशन 65 फीट गहराई पर है, जिसे दिल्ली के राजीव चौक की तर्ज पर बनाया गया है।

मेट्रो हर 10 मिनट में जबकि नमो भारत हर 15 मिनट में उपलब्ध होगी। किराया 20 से 150 रुपये तक (स्टैंडर्ड) और 30 से 225 रुपये तक (प्रीमियम) होगा। खास बात यह है कि एक ही कार्ड से नमो भारत, मेट्रो और आगे चलकर डीटीसी बस का सफर भी किया जा सकेगा।

यह प्रोजेक्ट एनसीआर की कनेक्टिविटी को नए आयाम देगा और यात्रियों की यात्रा को सस्ती, तेज और आरामदायक बनाएगा।

UP4India Desk
UP4India Deskhttps://upchauraha.com
UP4India is an independent digital platform that presents news, opinions, culture, and social issues related to Uttar Pradesh and India with an unbiased perspective. Our mission is to inform, educate, and inspire people. We are committed to bringing ground realities to light and amplifying the voice of public interest. Your trust is our greatest strength. Here, you will find not only the latest news but also in-depth analysis and special reports. We believe in transparency, accuracy, and balanced reporting. UP4India strives to provide a platform for the voice of every citizen.
- Advertisment -
Google search engine

Must Read