पीडब्ल्यूडी ने दिवाली से पहले राज्य में सड़कों की मरम्मत और गड्ढामुक्त करने का बड़ा अभियान शुरू किया है। विभाग का लक्ष्य है कि 50 हजार किलोमीटर लंबी खराब सड़कों को पैच रिपेयर कर ठीक किया जाए। इस काम पर करीब 400 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
दिवाली से पहले गड्ढामुक्त सड़कें
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अनुसार प्रदेश में कुल 1.22 लाख सड़कें हैं, जिनकी लंबाई 2.70 लाख किलोमीटर है। इस बार सामान्य से अधिक बारिश होने के चलते सड़कों की हालत बिगड़ गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि लगभग 50 हजार किलोमीटर सड़कें गड्ढेदार हैं। इन्हें मरम्मत कर दिवाली से पहले दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
दुर्गा पूजा मार्ग 22 सितंबर तक तैयार
जिन मार्गों पर दुर्गा पूजा के दौरान पांडाल लगेंगे, उन्हें विशेष रूप से अगले 10-12 दिनों में गड्ढामुक्त किया जाएगा। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि 22 सितंबर तक ये सड़कें पूरी तरह दुरुस्त कर दी जाएं ताकि आवागमन में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
बाकी मार्ग 20 अक्टूबर तक
पीडब्ल्यूडी ने निर्देश दिए हैं कि सभी शेष मार्गों को भी 20 अक्टूबर से पहले सुधार लिया जाए। इस तरह दिवाली से पहले प्रदेश की बड़ी संख्या में सड़कें दुरुस्त स्थिति में आ जाएंगी।
पिछले साल हुआ था 340 करोड़ खर्च
गौरतलब है कि गत वर्ष भी पैच रिपेयर पर 340 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। इस वर्ष बजट बढ़ाकर 400 करोड़ रुपये कर दिया गया है, ताकि गड्ढामुक्त अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जा सके।




