औद्योगिक नगरी गाजियाबाद आज एमएसएमई उद्यमियों के लिए बड़ा मंच बनने जा रही है। शुक्रवार (12 सितंबर) को अमर उजाला की ओर से आयोजित ‘एमएसएमई फॉर भारत कॉन्क्लेव’ डासना स्थित आईएमएस कॉलेज यूसी कैंपस में दोपहर 3.30 बजे से शुरू होगा। इस कार्यक्रम में जिले भर के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (एमएसएमई) से जुड़े उद्यमी सम्मिलित होंगे।
उद्योगों की चुनौतियां और अवसर
कॉन्क्लेव में अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों के उद्यमी संगठन अपनी राय रखेंगे। इसमें आईआईए, साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र, कविनगर, बुलंदशहर रोड, ट्रॉनिका सिटी, आनंद विहार और लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधि शामिल होंगे। चर्चा का मुख्य विषय एमएसएमई सेक्टर की मौजूदा स्थिति, उद्योगों को गति देने की भावी योजनाएं और सामने आने वाली चुनौतियां होंगी।
सरकार और विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में प्रदेश के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री सुनील शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। यूपीसीडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मयूर माहेश्वरी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और उद्यमियों से सीधा संवाद करेंगे। जिले के डीएम रविंदर कुमार मांदड़ तथा पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ भी उद्योग जगत के मुद्दों पर उद्यमियों से चर्चा करेंगे।
जीएसटी और कर संबंधी मुद्दों पर चर्चा
जीएसटी एवं कर से जुड़े बिंदुओं पर केंद्र और राज्य दोनों के वरिष्ठ अधिकारी उद्यमियों के सवालों का जवाब देंगे। केंद्र सरकार की ओर से सीजीएसटी के एडिशनल कमिश्नर विकास सेत और राज्य कर संग्रह विभाग के अपर आयुक्त मानवेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहेंगे। उद्योग विभाग से उपायुक्त श्रीनाथ पासवान तथा यूपीसीडा के प्रधान महाप्रबंधक राजीव त्यागी भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे।
लक्ष्य-समाधान और सहयोग
इस कॉन्क्लेव का मकसद न केवल उद्योगों की समस्याओं पर चर्चा करना है बल्कि उनके समाधान और राज्य सरकार की योजनाओं से जुड़ी स्पष्ट जानकारी उद्यमियों तक पहुंचाना भी है। उद्योग जगत और प्रशासन के बीच इस संवाद को गाजियाबाद के औद्योगिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।




