यूपी के ग्रेटर नोएडा में 25 सितंबर से अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला होने जा रहा है। इसमें कारोबारी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल की शक्ति दिखेगी। आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग एआई मॉडल को सीधा दिखाएगा। साथ ही इसके लिए विभाग आयोजन स्थल के हॉल नंबर 5 में 200 वर्ग मीटर क्षेत्र में एक सुंदर पवेलियन स्थापित करेगा।
यूपीएलसी की देखरेख में आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग का थीम-आधारित पवेलियन तैयार होगा। इसमें स्टार्टअप्स के लिए अलग जोन भी रहेगा। विभाग के पंडाल में स्मार्ट एलईडी वीडियो वॉल लगाई जाएगी, जिसके माध्यम से योगी सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और तकनीकी विकास की झलक दिखाई जाएगी।
AI मॉडल लाइव सेटअप पर आधारित होगा
पंडाल में मुख्य मंच के अलावा बैठकों के लिए वीआईपी लाउंज, कैफेटेरिया और कॉमन विजिटिंग एरिया जैसी आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के पवेलियन में प्रदर्शित किया जाने वाला एआई मॉडल लाइव सेटअप पर आधारित होगा।
उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2025 क्या है?
यूपी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2025, सरकार का प्रमुख बी2बी और बी2सी आयोजन है। यह राज्य की असाधारण औद्योगिक तरक्की, उद्यमशीलता की भावना और वैश्विक व्यापार क्षमता को दर्शाता है। यह मेला उद्योगों, स्टार्टअप्स, निर्यातकों और व्यावसायिक दिग्गजों के लिए मज़बूत मंच है, जहाँ वे अपने नवाचार दिखा सकते हैं। इसके ज़रिए सहयोग स्थापित कर सकते हैं और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए बाज़ारों की संभावनाएँ तलाश सकते हैं।
सीएम योगी की सोच
योगी सरकार का मानना है कि उत्तर प्रदेश हमेशा आर्थिक उन्नति की प्रेरक रही है। मुख्यमंत्री योगी का कहना है, “मुझे गर्व है कि कारोबार में सुगमता के मामले में यूपी देश में दूसरे स्थान पर है। मुझे पूरा विश्वास है कि उत्तर प्रदेश सरकार और विश्वप्रसिद्ध इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड के संयुक्त आयोजन से यूपी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला राज्य के सूक्ष्म, लघु, मध्यम और बड़े उद्यमों को उत्कृष्ट व्यावसायिक मंच देगा, जिससे वे प्रगति करेंगे और आने वाले वर्षों में प्रदेश को 1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में मदद करेंगे।”




