Tuesday, March 3, 2026
होमउत्तर प्रदेशसेवा पखवाड़ा: लखनऊ में सीएम योगी ने प्रदर्शनी का किया शुभारंभ, पीएम...

सेवा पखवाड़ा: लखनऊ में सीएम योगी ने प्रदर्शनी का किया शुभारंभ, पीएम मोदी के जन्मदिन से गांधी-शास्त्री जयंती तक होंगे आयोजन

सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में सीएम ने प्रधानमंत्री मोदी को 25 करोड़ प्रदेशवासियों की ओर से जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया मोदी जी के नेतृत्व में नए भारत को देख रही है।

-

राजधानी लखनऊ में बुधवार को सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई कार्यक्रमों में भाग लिया। सुबह 11 बजे उन्होंने जीपीओ पार्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह और कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना मौजूद रहे।

पीएम मोदी के जीवन पर प्रदर्शनी

सीएम योगी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें पीएम मोदी के बचपन से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक की यात्रा को प्रदर्शित किया गया है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को आता है, जिसके अवसर पर भाजपा ने 2 अक्तूबर तक सेवा पखवाड़ा चलाने का कार्यक्रम तय किया है। इसी कड़ी की शुरुआत बुधवार से हुई।

प्रदेश की ओर से शुभकामनाएं

कार्यक्रम में सीएम ने प्रधानमंत्री मोदी को 25 करोड़ प्रदेशवासियों की ओर से जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया मोदी जी के नेतृत्व में नए भारत को देख रही है। जो देश कभी पिछलग्गू माना जाता था, अब अपने आत्मविश्वास और दृष्टि से दुनिया को प्रभावित कर रहा है। पिछले 11 वर्षों में अर्थव्यवस्था, विरासत, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, निवेश और जल संसाधन सहित कई क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां मिली हैं। गांव, गरीब, महिलाएं, किसान, युवा और वंचित समाज को प्राथमिकता देकर जीवन के हर क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आया है।

धार्मिक स्थलों का कायाकल्प

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अयोध्या में 500 वर्षों बाद रामलला का भव्य मंदिर बन चुका है, वहीं काशी विश्वनाथ धाम का पुर्ननिर्माण अंतरराष्ट्रीय आकर्षण का केंद्र है। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम का कायाकल्प हुआ है। महाकाल लोक का निर्माण और अन्य धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण नए भारत की पहचान बन गया है। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों की स्मृतियों से जुड़े कार्य सामाजिक उत्थान की दिशा में मील का पत्थर साबित हुए हैं।

कोविड प्रबंधन और उपलब्धियां

सीएम योगी ने कहा कि जब पूरी दुनिया महामारी से जूझ रही थी, तब भारत ने उत्कृष्ट कोविड प्रबंधन प्रस्तुत किया। जहां 100 सालों से कोई वैक्सीन भारत तक नहीं पहुंच पाई, वहीं प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केवल 9 माह में भारत ने वैक्सीन विकसित कर दिखाई।

स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान

सीएम ने बताया कि सेवा पखवाड़ा का प्रथम चरण “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान है। इसके तहत महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, पोषण संबंधी कार्यशालाएं और जनजागरूकता कार्यक्रम चल रहे हैं। साथ ही भाजपा युवा मोर्चा प्रत्येक जिले में रक्तदान शिविर आयोजित कर रहा है। आने वाले दिनों में स्वास्थ्य शिविर, जांच कार्यक्रम और मेडिकल कॉलेज व अस्पतालों में विशेष गतिविधियां होंगी।

विजन 2047 और प्रबुद्ध जन सम्मेलन

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश एक साझा लक्ष्य है। प्रधानमंत्री मोदी का विजन 2047 इसमें मार्गदर्शन देता है। इसी को ध्यान में रखते हुए 19 और 20 सितंबर को प्रबुद्ध जन सम्मेलन प्रदेशभर में आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सांसद, विधायक और मंत्री भाग लेंगे।

युवाओं के लिए नमो मैराथन

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 21 सितंबर को प्रदेश के 17 बड़े शहरों में “नमो मैराथन” का आयोजन होगा। हजारों युवा इसमें भाग लेकर फिट इंडिया और विकसित भारत अभियान को बल देंगे।

अंत्योदय से गांधी-शास्त्री जयंती तक

सीएम ने कहा कि 25 सितंबर को अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती बूथ स्तर पर भव्यता से मनाई जाएगी। कार्यक्रम का समापन 2 अक्तूबर को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के साथ होगा। इस दौरान खादी के प्रचार-प्रसार और खादी वस्त्र उपहार स्वरूप देने की परंपरा को आगे बढ़ाया जाएगा।

UP4India Desk
UP4India Deskhttps://upchauraha.com
UP4India is an independent digital platform that presents news, opinions, culture, and social issues related to Uttar Pradesh and India with an unbiased perspective. Our mission is to inform, educate, and inspire people. We are committed to bringing ground realities to light and amplifying the voice of public interest. Your trust is our greatest strength. Here, you will find not only the latest news but also in-depth analysis and special reports. We believe in transparency, accuracy, and balanced reporting. UP4India strives to provide a platform for the voice of every citizen.
- Advertisment -
Google search engine

Must Read