उन्नाव जिले के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के मनोहर नगर में रविवार देर रात तनाव फैल गया। दरअसल, ‘आई लव मोहम्मद’ के समर्थन में बिना अनुमति जुलूस निकाला जा रहा था। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जुलूस रोकने की कोशिश करने लगी। इसी दौरान भीड़ भड़क गई और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की करने लगी। हंगामा इतना बढ़ा कि लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान गंगाघाट कोतवाली प्रभारी अजय कुमार सिंह भीड़ के बीच फंस गए और उनके स्टार तक नोच लिए गए।
पुलिस की सख्ती और गिरफ्तारियां
बढ़ते बवाल को देखते हुए पुलिस ने लाठियां भांजी और भीड़ को खदेड़ना पड़ा। सूचना मिलते ही सदर, अचलगंज और गंगाघाट कोतवाली के साथ कई थानों की फोर्स, पीएसी और दंगा नियंत्रण वाहन मौके पर पहुंचे। देर रात तक भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और माहौल को नियंत्रित किया गया।
एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी ने बताया कि जुलूस की कोई अनुमति नहीं थी बावजूद इसके लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए थे, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। पुलिस की रोकने की कोशिश का विरोध कर स्थिति बिगड़ी और पथराव की नौबत आ गई।
एएसपी अखिलेश सिंह ने बताया कि जिले में धारा 163 लागू है। पुलिस की ड्यूटी में बाधा डालने और पथराव करने वाले छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और क्षेत्र में फोर्स तैनात कर दी गई है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।




