दुबई में रविवार (28 सितंबर) एशिया कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर नौवीं बार एशिया कप जीत लिया। जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा- ऑपरेशन सिंदूर मैदान पर जारी है।
पाक बोर्ड प्रमुख ट्रॉफी लेकर चले गए
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी विजेता टीम को अवॉर्ड देने पहुंचे, लेकिन भारतीय टीम ने उनसे अवॉर्ड लेने से इनकार कर दिया। अवॉर्ड सेरेमनी के प्रेजेंटर साइमन डूल ने बताया कि भारतीय टीम अवॉर्ड्स नहीं लेगी।
इस बीच मंच पर मौजूद दुबई स्पोर्ट्स सिटी के खालिद अल जरूनी से ट्रॉफी लेने की बात हुई, लेकिन नकवी मंच से हटने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद कार्यक्रम खत्म कर दिया गया और नकवी मंच से उतरे। वे ट्रॉफी और मेडल्स भी अपने साथ ले गए।
नकवी पाकिस्तान के गृहमंत्री हैं और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष भी हैं। भारत ने ऐसा 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में किया। टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ भी नहीं मिलाया था।
खाली हाथ ही सेलिब्रेट की भारत ने जीत
जब ट्रॉफी नहीं मिली, तो कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैदान में हाथ का इशारा किया जैसे ट्रॉफी पकड़े हों। खिलाड़ियों ने भी उसी को असली जीत मानकर जश्न मनाया। खिलाड़ियों ने बिना ट्रॉफी ही मैदान में सेलिब्रेट किया।
PTI के अनुसार नकवी मंच पर आए, तो दर्शकगण भारत माता की जय के नारे लगाने लगे। भारतीय टीम अवॉर्ड लेने स्टेज पर नहीं गई। करीब एक घंटे तक असमंजस रहा। भारतीय खिलाड़ी ग्राउंड पर बैठे थे जबकि पाक टीम अलग-थलग खड़ी रही। नकवी भी बेशर्म की तरह मंच पर लगभग एक घंटा खड़े रहे उसके बाद ट्रॉफी ले कर चले गए।
कप्तान सूर्या बोले- पहली बार देखा
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रॉफी पर सवाल पूछे जाने पर सूर्या ने कहा- क्रिकेट खेलते हुए पहली बार देखा कि विजेता टीम को ट्रॉफी नहीं मिली। टूर्नामेंट जीतने में कड़ी मेहनत की है। खैर, ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों और स्टाफ संग रहना ही मेरी असली ट्रॉफी है।
मैच के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने कहा- भारतीय टीम ने हाथ नहीं मिलाकर क्रिकेट का अपमान किया। उनका व्यवहार गलत था।
BCCI सचिव बोले- ICC में शिकायत करेंगे
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा- हमने तय किया था कि खिलाड़ी PCB अधिकारियों से ट्रॉफी नहीं लेंगे। पर इसका मतलब यह नहीं कि नकवी ट्रॉफी लेकर पाकिस्तान चले जाएं। नवंबर की ICC मीटिंग में हम इस मुद्दे पर सख्त आपत्ति दर्ज कराएंगे। हमें उम्मीद है जल्द ही ट्रॉफी मिल जाएगी।




