मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार (13 अक्टूबर) को लखनऊ में आयोजित ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 50 से अधिक पीड़ितों की समस्याएं खुद जाकर सुनीं। लोगों ने पुलिस से जुड़ी शिकायतें, बिजली की समस्याएं, आर्थिक सहायता की मांग और भूमि विवाद से संबंधित मामले रखे। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक व्यक्ति से उनका प्रार्थना पत्र लिया और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने अफसरों से कहा कि तय समयसीमा में मामलों का निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें और समाधान के बाद पीड़ित से फीडबैक भी लें। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जन सेवा, सुरक्षा और सम्मान उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी सिद्धांत पर सरकार पहले दिन से कार्य कर रही है।
जमीन विवाद पर सीआरपीएफ जवान को आश्वासन
बुलंदशहर से आए एक सीआरपीएफ जवान ने अपनी जमीन से जुड़ी समस्या मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। इस पर योगी आदित्यनाथ ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे निश्चिंत होकर अपनी ड्यूटी करें, समस्या का समाधान सरकार करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह सुनिश्चित किया कि जनता दर्शन में आई हर समस्या को गंभीरता से लिया जाए और सभी पीड़ितों को न्याय मिले।
मुख्यमंत्री ने नन्हे-मुन्नों को दी चॉकलेट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘जनता दर्शन’ में फरियादियों के साथ आए बच्चों का हालचाल जाना। नन्हे-मुन्नों के सिर पर हाथ फेर दुलार किया और अपनत्व का अहसास कराया। सीएम योगी ने सभी बच्चों को चॉकलेट-टॉफी दी। उन्होंने बच्चों से कहा कि खूब पढ़ो-जमकर खेलो और माता-पिता का नाम रोशन करो।




