उत्तर प्रदेश वासियों के स्वास्थ्य और त्योहारों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली पर मिलावटी खाद्य सामग्री पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने 8 से 17 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया है, जिसमें अब तक प्रदेशभर में बड़ी मात्रा में मिलावटी और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थ जब्त और नष्ट किए गए हैं।
अभियान के दौरान 4621 निरीक्षण, 2085 छापे और 2853 नमूनों की जांच की गई। अब तक 2993 क्विंटल मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹3.88 करोड़ है, जबकि 1155 क्विंटल सामग्री नष्ट की गई है, जिसकी कीमत करीब ₹1.75 करोड़ है। उन्नाव, मथुरा और लखनऊ में भारतीय न्याय संहिता 2023 के अंतर्गत तीन एफआईआर भी दर्ज की गई हैं।
आम नागरिकों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की सचिव डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रदेश में त्योहारों का उत्सव सुरक्षित, स्वच्छ और आनंददायक रहे। उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर आम नागरिकों के स्वास्थ्य से समझौता नहीं किया जाएगा और नकली या मिलावटी सामग्री को तुरंत नष्ट किया जा रहा है ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे।
विभिन्न जनपदों में हुई बड़ी कार्यवाहियां
- उन्नाव: 215 किलो खोया जब्त और नष्ट, एक एफआईआर दर्ज
- मथुरा: 400 किलो मिलावटी पनीर नष्ट
- लखनऊ: 802 किलो खोया नष्ट
- झांसी: 1200 किलो खोया जब्त
- हाथरस: 790 किलो मिलावटी आचार जब्त, 3000 किलो खराब आचार नष्ट
- बुलंदशहर: 3000 किलो मिलावटी रसगुल्ला व गुलाबजामुन जब्त
- मीरजापुर: 1478 किलो मिलावटी खोया नष्ट
- सहारनपुर: 1100 किलो खोया नष्ट
- हापुड़: 6000 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त
दूध, खोया, पनीर और मिठाई पर कड़ी कार्रवाई
- कानपुर देहात: 500 लीटर दूध, 400 किलो खोया, 2200 किलो बर्फी, 250 किलो पेड़ा और 358 किलो स्वीट केक नष्ट
- गोरखपुर: 1400 किलो खोया व पनीर जब्त, 1000 लीटर सरसों तेल नष्ट
- मेरठ: 71 लीटर पामोलीन तेल, 20 किलो मिल्क पाउडर जब्त, 2500 किलो खोया और मिठाइयाँ नष्ट
- एटा: 340 लीटर सरसों तेल व 900 किलो घी नष्ट
- खीरी: 871 किलो खाद्य सामग्री जब्त और 50 किलो नष्ट
- आगरा, अलीगढ़, गाज़ियाबाद और मुज़फ्फरनगर में भी लाखों रुपये की सामग्री जब्त
टोल प्लाजा और हाईवे पर भी चली मुहिम
- साहिबाबाद टोल: 750 किलो पनीर जब्त
- हापुड़ टोल छिजारसी: 1500 किलो पनीर जब्त
- एनएच 34, जीटी रोड कानपुर: 4040 किलो खोया जब्त
- बाराबंकी टोल: 910 कार्टन मिलावटी मिठाई जब्त
- कानपुर पनकी रोड: 2450 किलो खोया नष्ट
सरकार ने नागरिकों से की अपील
प्रदेश सरकार ने जनता से आग्रह किया है कि मिलावटखोरी या नकली उत्पादों की जानकारी मिलने पर तुरंत विभाग को गोपनीय रूप से सूचित करें। शिकायत दर्ज करने के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-5533 या व्हाट्सएप नंबर 9793429747 पर सूचना भेजी जा सकती है। नकली या घटिया दवाइयों की रिपोर्ट के लिए व्हाट्सएप नंबर 8756128434 उपलब्ध है।
सरकार ने आश्वस्त किया है कि शिकायतकर्ताओं की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




