उत्तर प्रदेश के शामली ज़िले के गांव भभीसा के जंगलों में शनिवार (18 अक्टूबर) सुबह कांधला पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें ₹1 लाख का इनामी और 34 आपराधिक मामलों में वांछित हिस्ट्रीशीटर नफीस मारा गया। नफीस पर लूट, गैंगस्टर एक्ट, हत्या का प्रयास और नकली करेंसी जैसे गंभीर मामलों सहित कुल 34 मामले दर्ज थे। वह तीन संगीन मामलों में पुलिस को काफी समय से वांछित था।
कैसे हुई मुठभेड़
पुलिस अधीक्षक (एसपी) एन.पी. सिंह ने जानकारी दी कि कांधला पुलिस भभीसा चौकी पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भाग निकले। पुलिस ने उनका पीछा किया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।
घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। एसपी ने बताया कि मारा गया बदमाश नफीस, मोहल्ला खेल, कांधला (जनपद शामली) का निवासी था और थाने का लिस्टेड हिस्ट्रीशीटर था। उसके पास से एक बाइक, एक पिस्टल, एक देसी तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
थाना प्रभारी को बाल-बाल बचाया
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने यह भी बताया कि मुठभेड़ के दौरान थाना प्रभारी सतीश कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जिससे वे बाल-बाल बचे। आत्मरक्षा में की गई इस प्रभावी कार्रवाई में कांधला पुलिस ने एक लाख का इनामी अपराधी नफीस (पिता मुद्दा) को घायल कर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड
नफीस के खिलाफ हत्या, लूट और हत्या के प्रयास जैसे संगीन आरोपों सहित कुल 34 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। मौके से पुलिस ने एक .32 बोर की पिस्टल, एक खाली खोखा, पांच जिंदा कारतूस, एक .315 बोर का देसी तमंचा, दो खाली खोखे और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।




