अयोध्या में दीपोत्सव की शुरुआत से पहले ही रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला आरंभ हो गया है। शनिवार (18 अक्टूबर) को सरयू नदी के किनारे आयोजित आरती कार्यक्रम में 21,000 से अधिक लोगों की सामूहिक भागीदारी से नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना। गिनीज बुक के प्रतिनिधि निश्चल बरोट ने बताया कि क्यूआर कोड स्कैन के माध्यम से 2,100 से ज्यादा प्रतिभागियों की गिनती की गई, जिससे पहले का 1,774 प्रतिभागियों वाला रिकॉर्ड टूट गया। इस रिकॉर्ड की पुष्टि रविवार को मुख्यमंत्री के सामने मंच से की जाएगी।
रविवार (19 अक्टूबर) को रामनगरी में दीपोत्सव का नौवां भव्य संस्करण आयोजित होगा, जिसमें 29 लाख दीप जलाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया जाएगा। राम की पैड़ी के 56 घाटों पर 30,000 से अधिक स्वयंसेवकों ने दीयों को सजाया है। गिनीज टीम ने ड्रोन से दीयों की गिनती पूरी कर ली है। इस बार 26 लाख 11 हजार 101 दीये जलाकर पिछला रिकॉर्ड पार किया जाएगा।
दीपोत्सव की तैयारियों में स्वयंसेवकों का उत्साह देखते ही बनता है। रविवार सुबह से दीयों में तेल और बाती डालने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। पूरी अयोध्या को सजाया गया है, जिससे यह आयोजन न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा देगा, बल्कि वैश्विक स्तर पर अयोध्या की छवि को भी सुदृढ़ करेगा।
आस्था, संस्कृति और तकनीक का उत्सव
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि 2017 में जब दीपोत्सव की शुरुआत हुई थी, तब 1 लाख 71 हजार दीप जलाए गए थे। इस वर्ष 26 लाख से अधिक दीपों के साथ नया विश्व रिकॉर्ड बनेगा। अब तक दीयों की संख्या में 15 गुना बढ़ोतरी हुई है। यह आयोजन श्रद्धा और श्रीराम के प्रति सम्मान का प्रतीक है। सरयू घाट पर 2,100 वेदाचार्य महाआरती करेंगे। अयोध्या में “सितारे ज़मीन पर” उतरेंगे। 1,100 स्वदेशी ड्रोन रामायण के दृश्य जैसे जय श्रीराम, धनुषधारी राम, संजीवनी पर्वत, रामसेतु और राममंदिर की झलक दिखाएंगे।
दीपोत्सव एआर एप अब गूगल प्ले स्टोर और एप्पल स्टोर पर मुफ्त में उपलब्ध है। यह एप सभी उम्र के लोगों के लिए आसान बनाया गया है। इसमें कहानी, श्रद्धा और तकनीकी नवाचार को जोड़ा गया है, जिससे अयोध्या को डिजिटल रूप में जीवंत किया गया है। विश्वभर के लोग वर्चुअल दीप जलाकर इस उत्सव से जुड़ सकते हैं। यह एप उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा विकसित है और ‘उत्तर प्रदेश 2047’ की सोच की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो युवाओं में गर्व, भागीदारी और सांस्कृतिक जुड़ाव को प्रेरित करता है।




