योगी सरकार ने बुधवार को पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ने का मूल्य 30 रुपये प्रति कुंतल बढ़ाकर ऐतिहासिक फैसला लिया। इस निर्णय के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार (अक्टूबर 29) को गन्ना किसानों से संवाद किया। कार्यक्रम में किसानों ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय के प्रति आभार जताते हुए अपनी भावनाएं साझा कीं। किसानों ने कहा कि योगी जी की वजह से उन्हें एक महीने में दो बार दीपावली मनाने का अवसर मिला है।
सीएम योगी के प्रयासों से किसानों की आमदनी में बढ़ोतरी
प्रगतिशील किसान संतोष वाजपेयी ने कहा कि पहले गन्ना खेतों में सूख जाता था और पर्ची के लिए महीनों इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब मोबाइल पर तुरंत पर्ची मिल जाती है। सहफसली खेती जैसे आलू-गन्ना, चना-गन्ना और सरसों-गन्ना से आमदनी बढ़ी है। यह सब मुख्यमंत्री योगी के मार्गदर्शन से संभव हुआ है।
भाजपा सरकार ने किया ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे को सार्थक
मथुरा के किसान हीरा सिंह ने कहा कि योगी सरकार ने गन्ना मूल्य बढ़ाकर किसानों को बड़ा तोहफा दिया है। कांग्रेस, बसपा या सपा—किसी ने किसानों की सुध नहीं ली। ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा भले कांग्रेस ने दिया हो, लेकिन उसे साकार भाजपा सरकार ने किया। राजनाथ सिंह ने क्रेडिट कार्ड सुविधा दी, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने किसान सम्मान निधि शुरू की।
पहली कैबिनेट में ही योगी जी ने किया ऋण माफ
किसान रामनिवास यादव ने बताया कि पिछली दो सरकारों में 10 साल तक गन्ना मूल्य नहीं बढ़ा, जबकि योगी जी ने आठ वर्षों में 35% से अधिक की बढ़ोतरी की। पहली ही कैबिनेट में किसानों का कर्ज माफ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री योगी लगातार अन्नदाता किसानों के कल्याण के लिए प्रयासरत हैं।
अब कोई गन्ना चोरी करने की हिम्मत नहीं कर सकता
गन्ना किसान सरदार गुरदत्त सिंह ने कहा कि योगी सरकार ने किसानों को दोहरी खुशियां दी हैं। पहले तौल के दौरान घटतौली आम बात थी, लेकिन अब किसी की हिम्मत नहीं कि एक भी गन्ना गायब कर सके। गन्ना मूल्य वृद्धि के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को हार्दिक धन्यवाद दिया।
योगी सरकार ने गरीब किसानों के चेहरे पर लौटाई मुस्कान
शामली के किसान सत्यपाल भूरा ने कहा कि योगी सरकार ने गरीब किसानों को खुशहाल बनाने का कार्य किया है। गन्ना मूल्य में यह बढ़ोतरी किसानों के जीवन में समृद्धि लाएगी। उन्होंने कहा कि शामली के सभी किसान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस निर्णय के लिए आभारी हैं।




