विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली के अवसर पर काशी एक बार फिर दिव्यता, भव्यता और आधुनिकता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करेगी। बुधवार (नवंबर 5) की सायं जब उत्तरवाहिनी गंगा के दोनों तट दीपमालाओं से जगमगाएंगे, तब संपूर्ण काशी एक स्वप्निल आभा में नहाई दिखाई देगी। प्रदेश सरकार ने इस वर्ष देव दीपावली को और अधिक दिव्य एवं भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भव्य उद्घाटन
आज शाम (नवंबर 5) CM योगी खुद पहला दीया जलाकर दीपोत्सव की शुरुआत करने वाले हैं। इससे पहले जब ड्रोन से गंगा के 84 घाट देखे गए, तो तट पर सजी नौकाएं और घाट पर लाखों टूरिस्ट नजर आए।
घाटों पर लाखों दीपों की जगमग ज्योति, लेजर शो और कोरियोग्राफ ग्रीन क्रैकर्स शो श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर देंगे। अर्धचंद्राकार घाटों पर दीपों की कतारें और जल पर तैरते दीपक भक्ति और सौंदर्य का अद्वितीय संगम रचेंगे। वहीं गंगा पार का रेत का क्षेत्र ‘कोरियोग्राफ और सिंक्रोनाइज ग्रीन क्रैकर्स शो’ की रंगीन रोशनी से नहाया हुआ नजर आएगा।
हजारों दीप, लेज़र शो और पर्यावरण–अनुकूल आतिशबाज़ी
यह शो श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने आयोजित होगा, जो आधुनिक तकनीक ‘फायर वन फायरिंग सिस्टम’ के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। शिव भजनों की धुन पर लगभग 10 मिनट तक चलने वाला ग्रीन एरियल फायर क्रैकर शो रात आठ बजे आरंभ होगा। ‘हर-हर शंभू’, ‘शिव तांडव’ और ‘हे शिवा शिवा’ जैसे भजनों की ताल पर डमरुओं के निनाद और सतरंगी प्रकाश के संगम से घाटों का वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
लगभग 1,000 फीट लंबे रेत के स्ट्रेच पर आयोजित इस कार्यक्रम में आतिशबाजियों के पटाखे 200 मीटर ऊंचाई तक जाएंगे। इनका रंगीन प्रकाश घाटों, गंगा की लहरों और दूर-दूर तक फैले क्षेत्र को आलोकित कर देगा। विशेष बात यह कि यह आतिशबाजी ग्रीन क्रैकर्स से होगी, जो पर्यावरण के अनुकूल होगा। साथ ही लेजर शो भी पूर्णिमा की रात में गंगा के ऊपर के आसमान को रंग-बिरंगी किरणों से सजाएगा।
और पढ़ें: काशी में देव दीपावली: पीएम मोदी ऑनलाइन शामिल होंगे; 2 लाख श्रद्धालु उमड़ेंगे, लेज़र शो और आतिशबाज़ी का आकर्षण
प्राचीन काशी को जीवंत करता लेज़र शो
चेतसिंह घाट पर 25 मिनट के लेजर लाइट्स शो में ईसा पूर्व 2000 वर्ष से ‘काशी कथा’ के माध्यम से सनातन का गौरव जीवंत होगा। 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग व लेजर शो में काशी की दिव्यता, इतिहास और आस्था का अनूठा संगम दिखेगा। यह शो एक घंटे के अंतराल पर तीन बार होगा।
सुरक्षा, व्यवस्थाएँ और भक्तिमय माहौल
घाटों पर पर्याप्त महिला पुलिस की तैनाती रखी जाए। जिला प्रशासन की ओर से गंगा घाटों पर देव दीपावली के दिन 25 लाख दीप जलाने का लक्ष्य है। दस लाख प्रशासन की ओर से व पांच लाख दीप सामाजिक संस्थाओं द्वारा जलाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस बार देव दीपावली का आयोजन ‘क्लीन काशी, ग्रीन काशी, डिवाइन काशी’ की भावना के साथ किया जा रहा है। नमो घाट से असि घाट तक स्मार्ट लाइटिंग, फ्लोरल डेकोरेशन, लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी के माध्यम से काशी एक बार फिर दिव्यता और भक्ति का अद्भुत अनुभव कराने की तैयारी में है।
कार्यक्रम की रूपरेखा
5:00 बजे सांस्कृतिक संध्या नमो घाट पर
5:30 से 6:20 बजे तक किया जाएगा दीप प्रज्वलन सभी गंगा घाटों पर
7:00 से 7:45 बजे तक गंगा आरती दशाश्वमेध सहित अन्य घाटों पर
7:20 से 7:45 बजे लेजर एंड साउंड शो चेतसिंह घाट
8:25 बजे वीआइपी लेजर एंड साउंड शो चेतसिंह घाट पर
8:45 बजे से 8:55 बजे तक आतिशबाजी होगी श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में
9:00 बजे से 9:25 बजे तक लेजर शो चेतसिंह घाट पर, पुन: 9:35 बजे से
6:20 बजे से 6:25 बजे तक आतिशबाजी नमो घाट पर




