हरियाणा के फरीदाबाद में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई अंजाम दी है। फरीदाबाद के धौज इलाके में एक डॉक्टर के किराए के कमरे से भारी मात्रा में RDX बरामद किया गया। कमरे से 14 बैग, दो ऑटोमैटिक पिस्तौल, 84 जिंदा कारतूस, पांच लीटर केमिकल और एके-47 राइफल मिली। इस कार्रवाई से स्थानीय क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह बरामदगी गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी मुजाहिल शकील की निशानदेही पर की गई है।
पूछताछ में खुलासा, डॉक्टर के कमरे से मिला विस्फोटक भंडार
सूत्रों के अनुसार, आरोपी को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दो दिन पहले हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान आरोपी डॉक्टर की जानकारी पर उसके फरीदाबाद स्थित कमरे में छापा डाला गया। यहां से 14 बैग RDX, दो पिस्तौल, 84 कारतूस, पांच लीटर रसायन और एके-47 मिली। इतनी बड़ी मात्रा में RDX मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चिंता का विषय है, जो किसी बड़े आतंकी षड्यंत्र की ओर संकेत कर सकता है।
अनंतनाग के डॉक्टर से सहारनपुर कनेक्शन, फिर फरीदाबाद तक धागे
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने यूपी के सहारनपुर से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने पर अनंतनाग निवासी डॉक्टर आदिल अहमद को गिरफ्तार किया था। इसी कार्रवाई की कड़ी में कश्मीर पुलिस फरीदाबाद पहुंची, जहां कश्मीरी मूल के डॉक्टर मुजाहिल शकील ने किराए पर कमरा लिया था। वह यहां रहता नहीं था और सिर्फ अपना सामान रखने के लिए कमरे का इस्तेमाल करता था।
300 किलो आरडीएक्स बरामद, तीन महीने पहले लिया था किराया
कमरे से मिले 14 बैग में लगभग 300 किलो RDX, एके-47 राइफल, कारतूस और केमिकल भरा था। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने तीन महीने पहले ही यह कमरा किराए पर लिया था। रेड के दौरान 10–12 पुलिस वाहन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है और जम्मू-कश्मीर, यूपी, हरियाणा और गुजरात—इन चार राज्यों में इस पूरे मॉड्यूल की पड़ताल की जा रही है। बताया गया कि कमरे का किराया लेते समय उसने मकान मालिक को कहा था कि सिर्फ सामान रखना है, इसलिए किसी ने बैग की जांच नहीं की।
गुजरात ATS ने भी तोड़ी बड़ी आतंकी साजिश
पिछले रविवार गुजरात ATS ने भी देश में बड़े आतंकी हमले की तैयारी कर रहे तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। इनके पास से हथियार, कारतूस और रासायनिक जहर तैयार करने की सामग्री मिली। यह कार्रवाई ATS की एक साल से जारी निगरानी का परिणाम थी।
एक साल से निगरानी में थे तीनों संदिग्ध
गुजरात ATS ने अहमदाबाद में तीनों को तब पकड़ा जब वे हथियारों की सप्लाई कर रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, यह समूह लंबे समय से देश के कई हिस्सों में हमले की योजना बना रहा था। गिरफ्तार लोगों की पहचान डॉ. अहमद मोहिउद्दीन सैयद, मोहम्मद सुहेल पुत्र और आजाद के तौर पर हुई है।
हैदराबाद से आया इनपुट, हथियार व कारतूस बरामद
एटीएस के डीआईजी सुनील जोशी ने बताया कि खुफिया जानकारी मिली थी कि हैदराबाद का सैयद अहमद मोहिउद्दीन आतंकी गतिविधियों में शामिल है और अहमदाबाद पहुंचने वाला है। उसकी गतिविधियों की पुष्टि होने पर उसे अडालज टोल प्लाजा से पकड़ा गया। उसके पास से दो ग्लॉक पिस्टल, एक बेरेटा पिस्टल, 30 कारतूस और 4 लीटर अरंडी का तेल मिला।
रिसिन जहर तैयार करने की तैयारी में था आरोपी
35–36 वर्षीय मोहिउद्दीन ने चीन से एमबीबीएस किया है। वह ऐसी आतंकी घटना को अंजाम देना चाहता था जिससे भारी जनहानि हो। वह विदेशियों के संपर्क में था और ‘अबू खदीजा’ नामक टेलीग्राम आईडी से जुड़ा था, जिसके ISKP से लिंक होने की आशंका है। वह रिसिन नामक अत्यंत घातक रासायनिक जहर बनाने की प्रक्रिया शुरू कर चुका था, जो अरंडी के बीज से बचे पदार्थ से तैयार होता है। वह कलोल से हथियार लेकर अहमदाबाद आया था।
