अलीगढ़ की भाजपा नेत्री रूबी आसिफ खान हर साल की तरह इस बार भी धार्मिक आयोजनों को लेकर सुर्खियों में हैं। पहले उन्होंने गणेश चतुर्थी पर अपने घर में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूरे विधि-विधान से पूजा की और नौ दिन बाद नरौरा में प्रतिमा का विसर्जन किया। अब शारदीय नवरात्रि में उन्होंने मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर उपवास और आराधना शुरू की है।
मां दुर्गा की आराधना और एकता का संदेश
रूबी आसिफ खान ने नवरात्रि के पहले दिन घट स्थापना कर धूप, दीप और आरती के साथ पूजा आरंभ की। उनके बच्चे भी इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए। उन्होंने देशवासियों से अपील की है कि त्योहारों को मनाने में किसी भी धर्म, जाति या समुदाय के बीच भेदभाव न किया जाए। उन्होंने कहा कि हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, पारसी, जैन सभी एक परिवार की तरह हैं।
हिंदू त्योहारों में आस्था
रूबी आसिफ खान ने बताया कि बचपन से ही उन्हें हिंदू-मुस्लिम एकता की सीख मिली है। उनका मायका आगरा के बोदला क्षेत्र में है, जहां सभी धर्मों के लोग मिलकर त्योहारों को मनाते हैं। उनके भाई अक्सर भंडारे का आयोजन करते हैं। यही कारण है कि शादी के बाद भी वह पूरे उत्साह से गणेश चतुर्थी, नवरात्र और अन्य हिंदू पर्व मनाती हैं।
धमकी पत्र से जुड़ा विवाद
वर्ष 2024 में रूबी आसिफ खान को खून से लिखा एक धमकी भरा पत्र मिला था। इसमें उन्हें और मुख्यमंत्री को राम मंदिर निर्माण की खुशी मनाने पर बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुकदमा दर्ज किया था।




