उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से सांसद और भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की मुश्किलें बढ़ गई है। उन पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली इंदौर की पीएचडी शोधार्थी डॉ. रोहिणी घावरी ने सोशल मीडिया पर आत्महत्या की धमकी दी है। फिलहाल स्विट्जरलैंड में रह रही रोहिणी ने दिल्ली पुलिस पर कार्रवाई से बचने और सिस्टम में सत्ता वालों का साथ देने का आरोप लगाया है।
मामला क्या है?
मामला इंदौर के सफाईकर्मी की बेटी डॉ. रोहिणी एक जानी-मानी पीएचडी स्कॉलर और चंद्रशेखर के प्रेम का है। डॉ. रोहिणी जो स्विट्जरलैंड में काम करने के साथ ही एक एनजीओ भी चलाती हैं। तीन माह पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया था कि वह और सांसद चंद्रशेखर तीन साल तक रिलेशन में रहे। रोहिणी ने उन पर यौन शोषण और धोखा देने जैसे गंभीर आरोप लगाए और इसकी शिकायत राष्ट्रीय महिला आयोग में भी की। डॉ. रोहिणी ने अपनी सारी कहानी सोशल मीडिया पर शेयर किया।
सोशल मीडिया पर सुसाइड की धमकी
बुधवार (24 सितंबर) को रोहिणी ने अपने X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से कई पोस्ट किए और आत्महत्या करने की बात लिखी। एक पोस्ट में चंद्रशेखर, उनकी पत्नी व बच्चे की तस्वीर डालकर लिखा, “मेरी जिंदगी बर्बाद कर खुश है, आज ही तेरे नाम पर जहर पी लूंगी।” उन्होंने कुछ निजी वीडियो भी साझा किए और कहा कि चंद्रशेखर ने रिश्ते में जबरन बांधकर रखा। उन्होंने और भी दो पोस्ट शेयर किया जिसमे चंद्रशेखर रोते हुए और शराब पीते नजर आए।
प्रधानमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
दो दिन पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग कर लिखा था कि यदि न्याय न मिला तो वह यूनाइटेड नेशन के मंच से जान दे देंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि गंदी राजनीति के चलते दिल्ली पुलिस उनकी FIR दर्ज नहीं कर रही और पूरा सिस्टम ताकतवरों का साथ दे रहा है।
पुलिस पर गंभीर आरोप
रोहिणी ने कहा, “मैंने दिल्ली कमिश्नर से कई बार मिलकर सबूत दिए, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। वे हमेशा कहते हैं कि ऊपर से कार्रवाई का आदेश नहीं है। अब मेरे पास जान देने के सिवा कोई और रास्ता नहीं बचा। हमारे देश में पीड़िता को न्याय पाने के लिए मरना पड़ता है।”




