यूपी में अक्तूबर में बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। जुलाई 2025 का ईंधन अधिभार शुल्क अक्तूबर में लिया जाएगा, जो 1.63 फीसदी कम होगा। इससे ग्राहकों पर करीब 113.54 करोड़ रुपये का बोझ घटेगा। उत्तर प्रदेश में हर महीने ईंधन अधिभार शुल्क तय होता है। जून 2025 का शुल्क 2.34 फीसदी दर से सितंबर में वसूला जा रहा है। इसे भरने की अंतिम तारीख 30 सितंबर रखी गई है। अब जुलाई का शुल्क अक्तूबर में लिया जाएगा।
दीपावली पर 1 करोड़ 86 लाख परिवारों को निशुल्क गैस सिलिंडर
दीपावली पर उज्ज्वला योजना से लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इस बार भी 1 करोड़ 86 लाख परिवारों को निशुल्क गैस सिलिंडर दिए जाएंगे। पिछली साल की तरह ही लाभार्थियों को होली और दीवाली पर दो मुफ्त सिलिंडर मिलेंगे। कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मौजूदा वित्त वर्ष में इस पर 1385.34 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सरकार का यह फैसला गरीब महिलाओं के लिए राहत बनकर आया है। इस निर्णय से लोगो को काफ़ी राहत मिलेगी।
लिंक एक्सप्रेस वे जोड़ेगा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे को गंगा एक्सप्रेस वे से
26 सितंबर को योगी कैबिनेट ने एक और एक्सप्रेसवे बनाने की स्वीकृति भी दी है। इसके बनने से प्रयागराज को मेरठ से जोड़ने वाला गंगा एक्सप्रेसवे और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के साथ बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे आपस में जुड़ जाएंगे। ऐसे में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे भी इस नेटवर्क में शामिल हो जाएगा, जो की बहुत महत्वपूर्ण है। फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे की लंबाई 90.84 किमी होगी। इसे 548 दिन में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है और लागत 7488 करोड़ रुपये आएगी।
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट से छह जिलों इटावा, मैनपुरी, कन्नौज, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर और हरदोई को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि अभी बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का अंत इटावा जनपद के कुदरैल क्षेत्र में होता है। वहां से गंगा एक्सप्रेसवे को फर्रुखाबाद ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेसवे से जोड़ने पर सड़कों की ग्रिड तैयार होगी। यह ग्रिड प्रदेश की प्रगति में मदद करेगी।




