मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार (15 अक्टूबर) को लोकभवन सभागार में उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को मुफ्त सिलेंडर रिफिल की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने पात्र महिलाओं के बैंक खातों में रिफिल की धनराशि भेजी। मंच पर 10 महिलाओं को प्रतीकात्मक रूप से यह राशि दी गई। साथ ही, सीएम योगी ने एक करोड़ 86 लाख उज्ज्वला लाभार्थी महिलाओं के खातों में 1500 करोड़ रुपये की सब्सिडी ट्रांसफर की।
गैस कनेक्शन से बदली महिलाओं की जिंदगी
सीएम योगी ने कहा कि 2014 से पहले गरीब महिलाओं को लकड़ी और कोयले से खाना पकाना पड़ता था, जिससे उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता था और इलाज में जीवनभर खर्च होता था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद गरीबों को मुफ्त गैस कनेक्शन मिले, जिससे महिलाओं का जीवन बेहतर हुआ।
अपराधियों पर सख्ती, बेटियों को सुरक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले यूपी में सत्ता केवल सैफई परिवार के हाथ में थी, जबकि अब सरकार पूरे प्रदेश को अपना परिवार मानती है। सपा सरकार दंगाइयों के आगे झुकती थी, लेकिन हमारी सरकार ने तय किया है कि अब अगर किसी बेटी से छेड़छाड़ हुई तो आरोपी को अगले चौराहे पर यमराज मिलेंगे। बेटियों, व्यापारियों, गरीबों और दलितों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। कोई भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसे जेल भेजा जाएगा।
दीपावली पर स्वदेशी अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आने वाली दीपावली को लेकर जनता से अपील की कि स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएं। दीपक अपने स्थानीय कुम्हार से लें और मूर्तियां स्वदेशी कारीगरों से बनवाई गई ही खरीदें। साथ ही, त्योहार पर किसी गरीब की मदद अवश्य करें।
उज्ज्वला योजना का प्रभाव और भविष्य की योजना
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत मई 2016 में हुई थी। इसका उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में रसोई को धुएं से मुक्त करना और महिलाओं-बच्चों के स्वास्थ्य को सुरक्षित करना था। अब तक यूपी में 1.86 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला कनेक्शन मिल चुका है। राज्य सरकार ने लाभार्थियों को हर साल दो मुफ्त रिफिल देने का निर्णय लिया है, जो 2025-26 में दो चरणों में होगा — पहला चरण अक्टूबर-दिसंबर 2025 और दूसरा जनवरी-मार्च 2026 तक। इसके लिए सरकार ने 1500 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। पहले चरण में आधार सत्यापित लाभार्थियों को लाभ मिलेगा।
महिला सशक्तिकरण में योगी सरकार सबसे आगे
इस अवसर पर यूपी के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी दोनों आम जनता के जीवन को सरल बनाने में लगे हैं। कन्या सुमंगला योजना से 26.24 लाख लाभार्थी लाभान्वित हुए हैं। सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गरीब कन्याओं के विवाह कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने महिलाओं की चिंता सबसे अधिक की है। अंत में उन्होंने कहा, “मुद्दई हरगिज़ न कर पाएगा बांका बाल तक, मोदी-योगी गूंजेगा भारत में सौ साल तक।”




