मशहूर हेयर ड्रेसर जावेद हबीब और उनके बेटे अनोस की तलाश में संभल पुलिस दिल्ली के फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित उनके निवास पहुंची, मगर दोनों फरार मिले। पुलिस ने सर्च वारंट के तहत घर की तलाशी भी ली। अब पुलिस मुंबई में छानबीन करेगी।
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि पांच करोड़ की ठगी में नामजद जावेद और अनोस हबीब को 12 अक्टूबर तक पेश होने का नोटिस भेजा गया था, मगर दोनों नहीं आए।
इसके बाद रायसत्ती थाने की टीम दिल्ली स्थित घर पहुंची, जहां जावेद की बहन ने बताया कि वे घर पर नहीं हैं। तलाशी के बावजूद दोनों नहीं मिले। अब पुलिस की टीम मुंबई भेजी जाएगी।
जावेद हबीब, बेटे और सैफुल पर दर्ज हैं 32 मुकदमे
एसपी विश्नोई ने बताया कि पांच करोड़ की धोखाधड़ी के केस में हेयर ड्रेसर जावेद हबीब, उनके बेटे अनोस और सैफुल के खिलाफ रायसत्ती थाने में कुल 32 मुकदमे दर्ज हुए हैं। ये सभी केस कॉइन निवेश के जरिए ठगी से जुड़े हैं।
अब तक 47 पीड़ित सामने आए हैं। इन सभी की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। इनमें कई पीड़ित ऐसे हैं जिन्होंने कर्ज लेकर निवेश किया था। उन्हें अधिक मुनाफे का लालच दिया गया था।
संपत्ति जब्ती की होगी प्रक्रिया
एसपी ने बताया कि तीन दिन पहले जावेद हबीब के वकील थाने पहुंचे थे। उन्हें निर्देश दिया गया कि ठगी के शिकार लोगों की रकम लौटाई जाए और जांच में सहयोग करें। अन्यथा उनकी संपत्ति जब्त की जा सकती है।
पीड़ितों में महिलाएं भी शामिल
जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, और भी पीड़ित सामने आए। इनमें कई महिलाएं भी हैं। जब मामला खुला तो इन महिलाओं ने अपने परिजनों को अपनी आपबीती बताई। कुछ की शिकायत पर कार्रवाई हुई है। कई महिलाओं ने अब तक तहरीर नहीं दी है, लेकिन उनके घरों में तनाव है। ये महिलाएं भी ज्यादा मुनाफे के झांसे में फंस गई थीं।




