बरेली हिंसा के बाद मौलाना तौकीर रज़ा को जेल भेजा गया है। उनके साथ 100 से अधिक समर्थकों को भी गिरफ्तार किया गया है। इस बीच मौलाना की बहू निदा ख़ान ने एक वीडियो जारी कर उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में निदा ने मौलाना पर तीखा हमला बोला और चेतावनी दी कि अगर उन्हें या उनके परिवार को कुछ भी होता है, तो इसकी पूरी ज़िम्मेदारी मौलाना तौकीर रज़ा और उनके अनुयायियों की होगी।
निदा ख़ान कौन हैं?
निदा ख़ान की शादी लगभग दस साल पहले दरगाह आला हज़रत परिवार में हुई थी। हालांकि कुछ समय बाद ही उनके और उनके पति के बीच मतभेद शुरू हो गए, जो अंततः तलाक तक पहुँच गए। यह मामला अब भी अदालत में लंबित है।
26 सितंबर को बरेली में हुई हिंसा के बाद निदा ख़ान ने अब अपने पूर्व ससुराल पक्ष के खिलाफ खुलकर बयान दिया है। उन्होंने मौलाना तौकीर रज़ा पर “माफिया” होने का आरोप लगाया और कहा कि वह लोगों को भटका रहे हैं।
निदा ख़ान के आरोप – धमकियाँ और डराने की कोशिश
वीडियो में निदा ख़ान ने दावा किया कि उन्हें लगातार धमकियाँ मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें विदेशी नंबरों से कॉल और सोशल मीडिया पर धमकी भरे संदेश आते हैं। निदा का कहना है कि जब भी वह घर से बाहर निकलती हैं, कोई उनका पीछा करता है और उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर डर लगता है।
और पढ़े: बरेली हिंसा: मौलाना तौकीर रजा के घर पहुंचेगी वसूली नोटिस टीम, संपत्ति कुर्की की तैयारी तेज
निदा ने साफ कहा कि अगर उन्हें या उनके परिवार को कुछ भी होता है, तो इसकी जिम्मेदारी मौलाना तौकीर रज़ा और उनके लोगों की होगी।
मौलाना को ‘माफिया’ बताया
निदा ने कहा कि उनकी शादी दरगाह आला हज़रत परिवार में हुई थी, लेकिन कुछ ही समय बाद मतभेद शुरू हो गए। उनके और उनके पति के बीच कानूनी मामला अब भी चल रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों में उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ा है, जिसमें एक बार उन पर शारीरिक हमला भी शामिल है।
अब बरेली हिंसा के बाद उन्हें फिर से निशाना बनाया जा रहा है। निदा का कहना है कि मौलाना तौकीर अब अपने कर्मों का फल भुगत रहे हैं। उनके अनुसार, मौलाना ने कई मुसलमानों को गुमराह किया, उन्हें मुसीबत में डाला और झगड़ों की ओर धकेला। निदा ने मौलाना को “माफिया” बताया और उनके समर्थकों की तुलना “तालिबान जैसे लोगों” से की। उनका कहना है कि हालिया दंगों में मौलाना के समर्थक सीधे तौर पर शामिल थे।
पाकिस्तानी पत्नी का खुलासा
निदा ख़ान ने एक और दावा किया कि मौलाना तौकीर की एक पाकिस्तानी पत्नी भी थी। उन्होंने कहा कि मौलाना ने उस पत्नी को तीन तलाक देकर छोड़ दिया और बाद में दूसरी शादी कर ली।
निदा ने मांग की है कि इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।




