बरेली में हिंसा की साजिश से जुड़े मामलों में मौलाना तौकीर रजा के रिश्तेदारों और करीबी लोगों पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई और सख्त कर दी है। मंगलवार (30 सितंबर) को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) व नगर निगम की संयुक्त टीम ने प्रेमनगर थाना इलाके के बानखाना मोहल्ले में बड़ी कार्रवाई की। यहां सपा पार्षद ओमान रजा के अवैध चार्जिंग स्टेशन पर बुलडोजर चला दिया गया। आरोप है कि नाले पर बाउंड्रीवाल बनाकर यह स्टेशन खड़ा किया गया था। मशीनरी से दीवारें ध्वस्त कर दी गईं। पार्षद का एक और चार्जिंग स्टेशन चोरी की बिजली से चल रहा था, जिस पर भी कार्रवाई हुई।
तौकीर रजा का रिश्तेदार हिरासत में
प्रशासन ने मौलाना तौकीर रजा के रिश्तेदार मोहसिन रजा खान व उसके भाई को पुलिस हिरासत में लिया है। मोहसिन, मननानी मियां का दामाद है। बीडीए और नगर निगम की टीम जब मोहसिन के घर पर कार्रवाई करने पहुंची तो वहां अफसरों से उसका विवाद हो गया। मोहसिन ने आंवला भाजपा जिलाध्यक्ष पर आरोप मढ़ते हुए कहा कि यह सब राजनीति से प्रेरित मामला है। उसने दावा किया कि 2005 में आईएमसी छोड़ चुकी है और अब तौकीर रजा से कोई ताल्लुक नहीं है।
मोहसिन ने तोड़ी दूरी की बात
मोहसिन रजा ने साफ किया कि उसका तौकीर रजा से कोई संबंध नहीं है। आरोप लगाया कि भाजपा जिलाध्यक्ष के दबाव में यह सब किया जा रहा है। पहले भी उन पर गोकशी का मुकदमा दर्ज करवाया गया था। कार्रवाई के दौरान मोहसिन के पिता ने कोर्ट का स्टे आदेश दिखाया, जिसके बाद टीम ने कुछ समय पर काम रोका। हालांकि मोहसिन व उसके भाई को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उसके ही घर के सामने नाले पर बने अवैध चार्जिंग स्टेशन को ध्वस्त कर दिया गया।
तौकीर के करीबी का बरातघर सील
वहीं बीडीए की टीम ने शाहजहांपुर रोड स्थित नरियावल इलाके में हमसफर बरातघर को सील कर दिया। यह बरातघर शराफत का है, जो सूफीटोला क्षेत्र का रहने वाला और तौकीर रजा का करीबी बताया जा रहा है। बीडीए की टीम भारी पुलिस बल के साथ बरातघर पहुंची और ताले जड़ दिए। साथ ही नोटिस चस्पा किया गया, जिसमें बताया गया है कि अवैध निर्माण होने पर यह कार्रवाई की जा रही है।




