उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर बहुत ही अपमानजनक होर्डिंग लगाई गई है। उसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भगवान श्रीराम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को लक्ष्मण के रूप में दिखाया गया है। महंगाई, जंगलराज, भ्रष्टाचार, ED, वोट चोर, EC चुनाव आयोग, CBI, बेरोजगारी, पेपर लीक और तानाशाही को रावण का 10 सिर दर्शाया गया है। यह सरासर भगवान श्रीराम की तौहीन है।
राहुल गांधी और अजय राय को श्रीराम और लक्ष्मण दिखाना एक तरीक़े से श्रीराम और लक्ष्मण जी के व्यक्तित्व को नीचे दिखाने जैसा है। श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम, यानी पुरुषों में उत्तम हैं। उनको राहुल गांधी जैसे इंसान के रूप में दिखाना उस व्यक्तित्व का अपमान है और उससे जुड़े करोड़ों हिंदुओं की आस्था का भी अपमान है।
भगवान श्रीराम के स्वरूप में राहुल गांधी इन 10 मुद्दों वाले सिरों पर तीर चलाते दिखाए गए हैं। NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष आर्यन मिश्रा ने यह होर्डिंग लगवाई है। उनका कहना है कि राहुल गांधी ही महंगाई, जंगलराज, भ्रष्टाचार, ED, वोट चोर, EC चुनाव आयोग, CBI, बेरोजगारी, पेपर लीक और तानाशाही जैसे गंभीर मुद्दों से जनता को बचाएंगे।
लेकिन कांग्रेस भगवान श्रीराम का राजनीतिकरण करके अपने राजनीतिक लक्ष्यों को पाना चाह रही है। आपको याद होगा कि यही कांग्रेस 2007 में सुप्रीम कोर्ट में एक पेटिशन दायर की थी, जिसमें भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाया गया था। इस एफ़िडेविट के माध्यम से कांग्रेस ने कहा था कि भगवान राम के अस्तित्व का कोई ऐतिहासिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है। बाद में जनविरोध और राजनीतिक दबाव के चलते यूपीए ने इस शपथपत्र को वापस ले लिया।
राम मंदिर और कांग्रेस का विरोधी रुख
राम मंदिर को लेकर भी कांग्रेस हमेशा भगवान राम के अस्तित्व और उनके जन्मस्थान पर सवाल उठाती रही है। साथ ही, कांग्रेस के वकील वर्षों तक राम मंदिर के विरोध में केस लड़ते रहे हैं।
मई 2025 में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ वाराणसी की एक अदालत में आपराधिक शिकायत दर्ज की गई। यह शिकायत अमेरिका यात्रा के दौरान भगवान राम को लेकर उनके कथित बयान पर की गई थी। शिकायत में गांधी पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया गया, क्योंकि उन्होंने भगवान राम को “पौराणिक और काल्पनिक पात्र” बताया था।
दशहरा के मौके पर विवादित होर्डिंग
दशहरा के मौके पर लगाई गई यह होर्डिंग आर्यन मिश्रा की ओर से आज सुबह देखी गई। लोगों का कहना है कि दशहरा के मौके पर रात में ही यह होर्डिंग लगाई गई थी। सुबह इस ओर से गुजरने वाले लोगों की इस पर नजर पड़ी। लोगों ने बड़ी उत्सुकता के साथ इसे देखा और कई लोगों ने अपने मोबाइल से इसका फोटो और वीडियो भी बनाया।




